कांग्रेस ने दावा किया कि पीड़िता ने एक डायरी में गैंगरेप के सभी आरोपियों के नाम लिखकर रखे थे। इस मामले में झारखंड पुलिस ने छतीसगढ़ से संबंध रखने वाले शीतल उर्फ सपना महतो, सुरेंद्र सिन्हा को महासमुंद से 2019 में ही गिरफ्तार किया था। ब्रह्मानंद नेताम का नाम पुलिस के द्वारा पेश चालान में भी शामिल है।
कांकेर के भानुप्रतापपुर उप चुनाव की तारीख नजदीक आते-आते आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एनएसयूआई महासचिव के दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद भाजपा के निशाने पर आई कांग्रेस ने पलटवार किया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम पर नाबालिग से गैंगरेप और देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाया है। इसके लिए उन्होंने सबूत के तौर पर FIR की कॉपी भी मीडिया के सामने रखी है। हालांकि ब्रह्मानंद नेताम ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
भाजपा सरकार में दर्ज हुई एफआईआर
कांकेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोहन मरकामन ने कहा कि, भाजपा की ओर से उपचुनाव में प्रत्याशी बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम पर झारखंड के जमशेदपुर में टेल्को थाने में केस दर्ज है। यह FIR मई 2019 में धारा 366 a, 376(3), 376ab, 376ad, 120b।4/6 पास्को के तहत दर्ज कराई गई है। उस समय राज्य में भाजपा के रघुवर दास की सरकार थी। मरकाम ने कहा, पुलिस ने पहले पांच को नामजद किया था। जांच के बाद फिर 10 से 12 आरोपी सामने आए, इनमें भाजपा प्रत्याशी भी शामिल हैं
नाम निर्देशन पत्र में नहीं किया उल्लेख
पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ने नाम निर्देशन पत्र में इस घटना के बारे में कहीं उल्लेख नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के इस कृत्य से पूरे छतीसगढ़ का सिर शर्म से झुक गया है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के आरोपी को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। जनता तय करे कि उसे ऐसे व्यक्ति को अपना नेता चुनना है क्या? उन्होंने कहा कि भाजपा गैंगरेप के आरोपी को संरक्षण देने के साथ ही टिकट भी दे रही है। मोहन मरकाम ने कहा कि एनएसयूआई कार्यकर्ता पर जैसे ही रेप के आरोप लगे, तत्काल उन पर कार्रवाई की गई, लेकिन भाजपा ने दुष्कर्म के आरोपी को प्रत्याशी ही बना लिया।
कांग्रेस ने की बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम की शिकायत
इसके अलावा कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम की शिकायत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधिक विभाग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि 17 नवंबर को नामांकन के दौरान कक्ष में 5 से अधिक लोग शामिल थे। कांग्रेस ने बीजेपी प्रत्याशी पर कार्रवाई की मांग मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की है।कांग्रेस ने कहा है कि नामांकन के दौरान बीजेपी प्रत्याशी और नेताओं ने नियमों का उल्लंघन किया है। कांग्रेस के विधिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष देवा देवांगन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा है। भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम के नामांकन के दौरान पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, भानुप्रतापपुर विधानसभा प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, कांकेर सासंद मोहन मंडावी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, जिलाध्यक्ष सतीश लाठिया, वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय समेत अन्य नेता भी नामांकन कक्ष में मौजूद थे।

सीएम ने ट्वीट कर उठाए सवाल
सीएम भूपेश बघेल ने भी इस मामले में ट्वीट कर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा_ ’15 साल की बच्ची के बलात्कार और देह व्यापार में धकेले जाने के मामले के एक अभियुक्त ब्रह्मानंद नेताम को #भाजपा ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है।’
’भाजपा प्रत्याशी ने झारखंड में पॉक्सो एक्ट में दर्ज अपराध को निर्वाचन शपथ पत्र में किसके कहने पर छुपाया?
कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव 5 दिसंबर को होना है। यह सीट पिछले महीने कांग्रेस विधायक मनोज सिंह मंडावी के निधन से खाली हुई है। भारत निर्वाचन आयोग ने 5 नवंबर को इस चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। यह चुनाव गुजरात चुनाव के साथ ही कराया जाएगा। इसका परिणाम भी गुजरात-हिमाचल के परिणामों के साथ आएगा।
ऐसा रहेगा चुनाव का पूरा शेड्यूल
1. नामांकन- 10 नवंबर से 17 नवंबर
2. नामांकन की जांच – 18 नवंबर
3. नाम वापसी का मौका – 21 नवंबर तक
4. मतदान- 5 दिसंबर
5. मतगणना- 8 दिसंबर