उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव मरक्का में महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने पति और सास की हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
घटना के संबंध में एसपी एस. आनंद ने बताया कि गुरुवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव मरक्का में 70 वर्षीय भाग्यवती और उनके बेटे श्यामपाल (50) की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों के शव घर में मिले। प्राथमिक जांच में संपत्ति विवाद की बात सामने आई है। एसपी एस. आनंद के मुताबिक जांच में पता चला है कि श्यामपाल ने 14 लाख रुपये में खेत बेचा था। खेत बेचकर मिली रकम से उसने लोन वैगरह चुकाया। श्यामपाल की पत्नी सदावती और उसका बेटा मोहित रुपये मांग रहा था। रुपये न देने पर दोनों ने भाग्यवती और श्यामपाल की हत्या कर दी। मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया है।