मार्च में खत्म हो रहा अनुबंध ..
राजनांदगांव। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में स्थित नगर निगम का स्वीमिंग पुल अक्टूबर माह से बंद पड़ा हुआ है। पुल के पानी में गंदगी तैर रही है और यहां की सफाई व्यवस्था का आलम यह है कि पुरुष चेंजिंग रूम में बाथ रूम से पानी बह रहा है। मार्च 2024 में इसका अनुबंध खत्म हो रहा है। इसके बाद इस स्वीमिंग पुल के संचालन के लिए नगर निगम से किसका अनुबंध होता है यह तो अप्रैल माह में ही पता चल पाएगा।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में नगर निगम द्वारा स्वीमिंग पुल का निर्माण किया गया है। इसका संचालन रायपुर की अक्षांश ग्रुप कंपनी कर रही है। इस कंपनी का अनुबंध मार्च 2024 तक है। स्वीमिंग सिखने बाले लोगों के लिए यहां अलग- अलग फीस निर्धारित है। 20 साल से नीचे की उम्र वालों के लिए यहां की आजीवन मेंबरशिप की राशि 2500 रुपए है तथा मासिक शुल्क 500 रुपए है। इसी तरह 20 साल से ऊपर के लोगों के लिए आजीवन मेंबरशिप की राशि 5000 रुपए और मासिक शुल्क 1000 रुपए है। अक्षांश कंपनी द्वारा इस राशि से नगर निगम को किराया देने के साथ ही स्वीमिंग पुल, चेंजिंग रूम में मेंटनेंस सहित अन्य मेंटेनेंस के कार्य करने होते हैं।
बताया जाता है कि कंपनी द्वारा काफी समय से किराया नहीं दिया गया है और ना यहां सही ढंग से मेंटेनेंस किया जा रहा है। किंतु कंपनी के लोगों का कहना है कि मार्च 2024 तक की राशि पटा दी गई है। बहरहाल स्वीमिंग पुल का आलम यह है कि यहां के पानी में काई है और जेंट्स बाथरूम से पानी बह रहा है। यहां लेडीज चेंजिंग रूम की हालत ठीक है। हालांकि यह स्वीमिंग पुल अक्टूबर माह से बंद पड़ा हुआ है। फिर भी इसकी देखरेख के लिए यहां एक व्यक्ति रहता ही है।
जब इस संबंध में जानकारी जुटाई गई तो पता चला किचेंजिंग रूम में पानी बहने सहित अन्य शिकायतें हुई है। अधिकारी स्वयं एक बार इस स्थान का अवलोकन करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार मार्च तक इस कंपनी से अनुबंध है इसके बाद यह अनुबंध समाप्त हो जाएगा।