राजनांदगांव. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रंग साइड से आ रहे ट्रक और बस में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंच पुलिस जवानों ने ट्रक से फंसे ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला।
शहर के भाजपा कार्यालय के समीप आधी रात लगभग 2:30 बजे विपरीत दिशा से आ रही बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बस में कोई भी सवार नहीं था। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर के पैर और घुटने में चोट लगी थी जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विपरीत दिशा से जा रही थी बस
हादसे को लेकर बताया जा रहा है कि बस में चार-पांच लोग ही सवार थे, जो घटना के बाद फरार हो गए। वहीं बस रायपुर से नागपुर की ओर विपरीत दिशा से जा रही थी, तभी नागपुर से रायपुर की ओर टमाटर भरकर जा रहे तेज रफ़्तार ट्रक से बस की टक्कर हो गई। जिसमे बस और ट्रक के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
चालकों के खिलाफ मामला दर्ज
ट्रक और बस में टक्कर होने की सूचना मिली थी। तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे ड्राईवर को बाहर निकाला। दोनों वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- एमन साहू, टीआई, थाना कोतवाली