घुमका. आर्मी जवान बनकर ऑनलाईन धोखाधड़ी किये जाने का मामला सामने आया है. जालसाज ने स्वयं को आर्मी का जवान बताकर किराए का मकान लेने का झांसा देते हुए बुजुर्ग के खाते से लगभग एक लाख रूपये पार कर दिए. पीड़ित की शिकायत पर घुमका पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है. घुमका पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी कुमार दास वर्मा पिता गरीब दास वर्मा उम्र 65 वर्ष निवासी घुमका ने थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि 10 नवंबर को उसके मोबाईल में 6372723536 नंबर से दोपहर लगभग 12.28 बजे फोन आया, जिसमें 1 फोन कर्ता ने कहा कि उसे कुम्हारी जिला दुर्ग में किराए में मकान चाहिए. उसने स्वयं को आर्मी जवान बताते हुए कथित अपना आधार कार्ड, पेन कार्ड और सीआईएसएफ का पहचान पत्र मोबाईल में भेजा. साथ में फेमली फोटो भी भेजा, जिसके कारण कुमार दास को उस पर विश्वास हो गया. इसके बाद फोनकर्ता ने तीन माह का किराया एडवांस में देने का झांसा देते हुए मोबाईल में एक एप्लीकेशन खोलने बोला. जैसे ही उसने एप्लीकेशन खोला, तीन बार ट्रांजेक्शन कर उसके खाते से 99988 रूपये निकाल लिए गए.