0 संत कबीरदास जी के 625वां प्राकट्य महोत्सव में शामिल हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष
0 समाज को संपत्ति व देहदान करने वाली भक्तिन तारामती कबीर आश्रम की संचालिका बुधियारिन मांई को मानव समाज का अतुलनीय योगदान
राजनांदगांव।
संस्कारधानी शहर में सदगुरू कबीर साहेब जी का 625वां प्राकट्य महोत्सव कबीर पंथ समाज एवं सदगुरू कबीर सेवा समिति द्वारा आज 04 जून रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कबीर जी की वाणी व सात्विक चौका आरती, निशान पूजा व गुरू महिमा का पाठ हुआ। इस अमृत बेला का रसपान करने व महंत जी के गुरूवचन सुनने शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा तारामती कबीर आश्रम तुलसीपुर पहुंचे।
महोत्सव में सर्वप्रथम मानवीय एकता के मसीहा, युगदृष्टा संत कबीर दास जी की 625वां प्राकट्य महोत्सव पर कबीर साहेब के तैलचित्र पर मुख्य अतिथि कुलबीर सिंह छाबड़ा ने माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित कर नमन करते हुए कबीर पंथ समाज व कबीर साहेब के प्राकट्य महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि कबीर साहेब जी का जन्म ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन हुआ था। यही वजह है कि हर वर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन ही प्राकटय महोत्सव मनाया जाता है। संत कबीरदास जी अपना पूरा जीवन समाज की बुराइयों को दूर करने में लगा दिया। श्री छाबड़ा ने सामाजिक जनों को संबोधित करते हुए कहा कि संत शिरोमणी कबीर दास जी महज एक नाम नहीं हैं वह मानवता की एक पूरी मिसाल हैं, मानव को मानवता की ओर ले जाने में संत कबीर दास जी का अहम योगदान रहा है। कबीर साहेब जी के वाणी के एक-एक बात अनमोल है उनकी वाणी को संकल्प के साथ अपने जीवन में आत्मसात करें उनके बताएं मार्ग पर चले, यहां तक के गुरूग्रंथ साहेब जी के भजन-कीर्तन सभा में भी संत कबीरदास साहेब जी की गुरूवाणी की बात होती है। इस दौरान श्री छाबड़ा ने धर्मस्थान के लिए तारामती कबीर आश्रम की संचालिका बुधियारिन मांई द्वारा संपत्ति व देहदान करने पर मानव समाज का बहुत बड़ा उदाहरण बताया। प्राचीन नादिया मठ संत साहेब के महंत ब्रम्हाचारी साहेब श्री गिरवर साहेब, संत संजय साहेब के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रमुख रूप से कबीर पंथ समाज के प्रमुख महेश साहू, बृजलाल साहू, पार्षद मनीष साहू, रामस्वरूप देवांगन, बीआर साव, कुंवर सिंह वर्मा, श्रीमती नागेश्वरी साहू, श्रीमती कुंती बनपेला, बृजलाल साहू, सहित स्वजाति बंधु, माताएं व बहने बड़ी संख्या में मौजूद रही।