राजनांदगांव. पूर्व सेवा गणना मिशन के तहत मोदी की गारंटी को लागू करने की मांग को लेकर प्रदेशभर के शिक्षक कल 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन राजधानी में सत्याग्रह पदयात्रा कर अपना अधिकार मांगेंगे। पदयात्रा के बाद सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा। संघर्ष मोर्चा के जिला संचालक छन्नूलाल साहू एवं सह संचालक अजय कड़व ने बताया कि हमारी मांगों में पूर्ण सेवा गणना करते हुए समस्त एलबी शिक्षक संवर्ग को पुरानी पेंशन, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करना, समतुल्य वेतनमान में सही वेतन का निर्धारण, केन्द्र के समान 1 जनवरी 2024 में 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रमुख है। राज्य सरकार द्वारा मोदी की गारंटी लागू किए जाने की घोषणा के तारतम्य में घोषणा पूरा करने की मांग को लेकर शिक्षक राजधानी में एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेंगे। शिक्षक संघर्ष मोर्चा जिला इकाई राजनांदगांव के पदाधिकारियों ने सभी शिक्षकों को राजधानी रायपुर पहुंचने का अपील किया है। अपील करने वाले में छन्नूलाल साहू, अजय कड़व, जितेन्द्र हिरवानी, प्रफुल्ल झा, जितेन्द्र देवांगन, महेश ठाकरे, अर्जुन सेन, प्रमोद साहू, गुरूदत्त सिन्हा, कन्हैया लाल कुंजाम, हेमन्त निर्मलकर, ओगेश्वर प्रसाद, भुपेश साहू, छनेन्द्र साहू, रजनीश चतुर्वेदी, दीलिप डोंगरे, शशिकांत पंचभावे, रूपेन्द्र साहू, धनेश नेताम, लोकेश साहू, सुरेन्द्र शर्मा आदि शामिल है।