बम्हनी समिति प्रबंधक के खिलाफ जांच कर कार्यवाही की मांग
छुरिया – एक दिवसीय प्रवास पर छुरिया पहुंचे जिला कलेक्टर के समक्ष बम्हनी क्षेत्र के किसानों ने समिति प्रबंधक पर दुर्व्यहार करने का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्यवाही की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।
मिली जानकारी अनुसार कृषि विभाग द्वारा क्षेत्र में मक्के की खेती को बढ़ावा देने के लिए जनपद सामुदायिक भवन में कार्यशाला का आयोजन किया गया था । इस कार्यक्रम में राजनांदगांव जिले के कलेक्टर संजय अग्रवाल भी मौजूद थे । जहां बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे । कार्यक्रम समापन पश्चात बम्हनी क्षेत्र के किसान छबिलाल यादव, पतराम साहू, मोहन लाल साहू, शिवचरण दास, चन्द्रशेखर, रविन्द्र कुमार, ने जिला कलेक्टर अग्रवाल को बताया कि ये सभी किसान आदिम जाति सेवा सहकारी समिति बम्हनी चारभांठा के कृषक है। समिति प्रबंधक दिनेश सिंह ठाकुर द्वारा हर समय कृषकों के साथ दुर्व्यहार किया जाता है एवं खाद एवं बीज के लिए किसानों को बार-बार घुमाया जाता है । इसके अलावा ़ऋण प्रकरण के समय भी किसानों को परेशान किया जाता है । धान खरीदी के समय कृषकों को धान में नमी बताकर बार-बार परेशान किया जाता है । समय रहते किसानों द्वारा धान खरीदी केन्द्र में धान पहुंचने पर भी उन्हें देर होने का हवाला देकर वापस बैरंग लौटा दिया जाता है जिससे कृषकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है । जिसकी जांच कर उचित कार्यवाही करने की लिखित शिकायत जिला कलेक्टर से की है ।