सप्त दिवसीय भजन संध्या का समापन, दूर-दूर से पहुंचे भक्त
राजनांदगांव। श्री महालक्ष्मी सेवा उत्सव समिति द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय भव्य भजन संध्या एवं जम्मा जागरण का समापन सोमवार 7 अप्रैल की रात को हुआ। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध भजन गायक देवेंद्र राठी के भजनों ने श्रद्धालुओं को पूरी रात बांधे रखा। कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होकर सुबह 6 बजे तक चला, जिसमें भक्तिभाव से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

भजन सुनने के लिए रायपुर, दुर्ग और धमतरी सहित राज्य के अनेक जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव जी के चमत्कारी परचों का उल्लेख करते हुए कई भक्त भावविभोर हो उठे। महिला मंडल द्वारा भजन गायक देवेंद्र राठी जी का सम्मान मां महालक्ष्मी की फोटो प्रतिमा भेंट कर किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और नगरवासियों का सहयोग सराहनीय रहा।
श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति से आग्रह किया कि ऐसे भव्य और भक्तिमय आयोजनों को हर वर्ष नियमित रूप से आयोजित किया जाए।
