-11 फरवरी को होगा मतदान
राजनांदगांव। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी चुनावी शोरगुल 9 फरवरी की रात दस बजे थम जाएगा। 11 को होने वाले मतदान से पहले प्रत्याशियों के पास गाजे-बाजे के साथ जनता से वोट मांगने का अंतिम दो दिन शेष रह गया है। ऐसे में सभी प्रत्याशी भी इन दो दिनों का पूरा उपयोग करने में जुट गए हैं। लगभग वार्ड में आज और कल न केवल भाजपा और कांगे्रस, बल्कि निर्दलीय भी रैली निकालने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि 10 को भी दिनभर डोर-टू-डोर जनसंपर्क का काम प्रत्याशी कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इस बार के निकाय चुनाव में बड़ी संख्या में बागी होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे नेताओं की वजह से समीकरण दिलचस्प हो गया है।
शहर में ही तीन दर्जन से अधिक वार्ड में जीत-हार का अंतर निर्दलियों से बिगड़ता नजर आ रहा है। वहीं आधा दर्जन से अधिक वार्ड ऐसे भी है, जहां राजनीतिक दलों के मुकाबले निर्दलीय भारी है। यही कारण है कि आज और कल दो दिनों में भाजपा और कांगे्रस भी अपना पूरा जोर प्रचार में लगाने वाली है। शीर्ष नेताओं की सभा, रोड शो के साथ ही लोगों के बीच लेकर जाने की योजना तैयार कराई जा रही है।
मैदान में 176 प्रत्याशी
नगर निगम 51 वार्डों में भाजपा, कांगे्रस के साथ ही आप, बसपा जैसी राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशी भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। कुल 51 वार्ड में 176 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं। इनमें सर्वाधिक 9 प्रत्याशी वार्ड क्रमांक 39 में शामिल हैं। ऐसे सभी वार्ड में चुनाव का जोरदार माहौल भी देखने को मिल रहा है।
मतदान 9 घंटे तक चलेगा
इधर प्रचार में जुटे राजनीतिक दलों के साथ ही निर्वाचन आयोग भी मतदान की तैयारियों में जुट गया है। आगामी 11 फरवरी को जिले के पांच नगरीय निकाय में बनाए गए 235 मतदान केन्द्रों में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान की प्रक्रिया पूरे 9 घंटे तक चलेगी। शाम पांच बजे तक केन्द्र पहुंचने वाले मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति होगी। वहीं मतगणना का काम आगामी 15 फरवरी को सुबह 9 बजे से प्रारंभ किया जाएगा।