भाजपा संकल्प पत्र में व्यापार सरल एवम सुविधाजनक होने की घोषणा का स्वागत
राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश मंत्री राजा माखीजा ने भाजपा के कल घोषित घोषणा पत्र पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र के अनुसार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर समृद्ध व्यापार में वृद्धि होगी जिससे व्यापारी शांति और सुकून से व्यापार कर सकेंगे।
माखीजा ने बताया कि किसी भी प्रदेश की समृद्धि और प्रगति सुरक्षित व्यापार से ही संभव है । इसलिए भाजपा के 15 वर्ष के शासनकाल में व्यापारी पूरी तरह से संतुष्ट और निश्चिंत होकर व्यापार में जुटे हुए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने हेतु आधुनिक आईटी पार्क स्थापित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ आईटी टैलेंट विकास योजना के माध्यम से विश्व स्तरीय प्रशिक्षण छात्रवृत्ति और आकर्षक प्लेसमेंट के अवसर प्रदान करने के लिए उद्योग अकादमी सहयोग की शुरुआत होगी, प्रदेश के हर जिले में छत्तीसगढ़ी उत्पाद उद्यमी केंद्र स्थापित कर एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थान और राज्य के प्रत्येक जिले में सीजी ब्रांड उत्पादन स्टोर खोलकर हर जिले को एक निर्यात केंद्र में विकसित करेंगे। इसी उद्योग क्रांति लाने हेतु अत्याधुनिक इवी सिटी की स्थापना कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने इन्वेस्ट इंडिया के तर्ज पर इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ आयोजित किए जाने का स्वागत किया, और वार्षिक वैश्विक सम्मेलन कर देसी व विदेशी कंपनियों से निवेश के लिए प्रयास की सराहना की । घोषणा पत्र में प्रदेश में आर्थिक और अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से कोरबा – बिलासपुर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित होगा जिसकी सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है, इसी तरह प्रदेश के हर संभाग में सब्जी , खाद्य एवं कृषि फूड पार्क स्थापित होंगे , छत्तीसगढ़ को फूड प्रोसेसिंग के लिए एक वैश्विक केंद्र बनाया जायेगा और हवाई कार्गो सुविधाओं से जोड़ेंगे । इसी तरह भाजपा की स्पष्ट सोच है कि प्रदेश के बागवानी फसलों के घरेलू उत्पादकों को बढ़ावा देने और फसलों के स्वदेशी किस्म पर विशेष ध्यान देने के लिए स्वच्छ संयंत्र केंद्र स्थापित किए जाएंगे । छत्तीसगढ़ के हर जिले में कोल्ड स्टोरेज फैसिलिटी स्थापित होगी , प्रदेश में निर्यात विशिष्ट पैक हाउस स्थापित कर बागवानी उपज की अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग क्षमता को बढ़ाया जाएगा ।
माखीजा ने बताया कि भाजपा ग्लोबल छत्तीसगढ़ स्टार्टअप शिखर सम्मेलन आयोजित कर प्रदेश के महत्वाकांक्षी उद्यमियों के लिए बेहतर वैश्विक नेटवर्क स्थापित कर युवाओं के लिए निवेश और रोजगार के अवसर में वृद्धि करेगी । भाजपा द्वारा घोषित संकल्प पत्र में अत्याधुनिक छत्तीसगढ़ स्टार्टअप हब और नॉलेज प्रोसेस आउटसोर्सिंग इकाइयां स्थापित कर राज्य में एक समृद्धि नवाचार हेतु परिस्थितियां निर्मित करेंगे। साथ ही सब्जी एवं फल विक्रेता अन्य स्टेट वेंडर्स और गुमास्ता की समस्याओं के निवारण हेतु एक स्टेट वेंडर कल्याण बोर्ड का गठन कर छत्तीसगढ़ में स्टेट वेंडर और फेरी वालों को ₹2000 की वार्षिक रखरखाव सहायता प्रदान करने की योजना का स्वागत किया । श्री मखीजा ने भाजपा के घोषणा पत्र को आम जनों , व्यवसाय जगत से जुड़े लोगों के लिए लाभदायक बताते हुए ऐसी घोषणा के लिए पार्टी के प्रति आभार व्यक्त किया है ।