कथा सुनाने जूनागढ़ गुजरात से शास्त्री श्री ईश्वर चंद जी व्यास पधारे
राजनांदगांव। माहेश्वरी भवन राजनांदगांव स्थित श्री गुप्तेश्वर महादेव की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने तथा चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में माहेश्वरी समाज द्वारा श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है । कथा दिल्ली दरवाजा के पास स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 30 मार्च से 6 अप्रैल तक आयोजित है । इससे पूर्व 29 मार्च को अपराह्न 3:00 बजे से गायत्री शक्तिपीठ से भव्य शोभा यात्रा निकली जाएगी।
आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा गायत्री शक्तिपीठ से अपराह्न 3:00 बजे प्रारंभ होकर रामाधीन मार्ग होती हुई महेश पथ से भारत माता चौक , हलवाई लाइन, आजाद चौक ,सिनेमा लाइन से महाकाल चौक तथा महाकाल चौक से गांधी चौक ,ब्राह्मणपारा चौक, दुर्गा चौक ,बाल गोविंद चौक से सदर बाजार होती हुई कामठी लाइन से दिल्ली दरवाजा स्थित गायत्री शक्तिपीठ प्रांगण पहुंचकर संपन्न होगी। महाकाल की तर्ज पर यह शोभा यात्रा निकलेगी जिसमें महाकाल की झांकी के साथ ही मां नव दुर्गा की प्रतिमा होगी। झांझ, डमरू,मजीरा, बैंड बाजा से सुसज्जित शोभायात्रा में हिंदू धर्म एवं संस्कृति के अनुरूप 701 कलश धारण कर महिलाएं पीले एवं संतरा कलर की साड़ी में नजर आएंगी जो शोभायात्रा के आकर्षण का केंद्र होगी। इसी तरह पुरुष भी धोती और कुर्ते में नजर आएंगे। शोभा यात्रा में भजन गायक भी होंगे।इसके अलावा आकर्षक रथ में सवार कथा वाचक शास्त्री श्री ईश्वर चंद्र जी व्यास भी होंगे।आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में सभी समाज के धर्मप्रेमी माताओं बहनों तथा भाइयों से शोभायात्रा में शामिल होने का अनुरोध किया है।
शोभायात्रा के अगले दिन 30 मार्च रविवार को अपराह्न 3:00 से शाम 6:30 तक श्रीमद् देवी भागवत कथा जूनागढ़ गुजरात से पधारे शास्त्री श्री ईश्वर चंद्र जी व्यास के श्रीमुख से सुनने को मिलेगी। शास्त्री श्री ईश्वर चंद्र जी व्यास द्वारा प्रतिदिन अपराह्न 3:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक कथा सुनाई जाएगी। शास्त्री जी का नगर आगमन हो चुका है।
आयोजन समिति माहेश्वरी समाज द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कथा के पहले दिन 30 मार्च को व्यास चरित्र, 31 मार्च को सुकदेव चरित्र, 1 अप्रैल को देवी प्राकट्य महालक्ष्मी कुमारी पूजन, 2 अप्रैल को देवी चरित्र वर्णन ,3 अप्रैल को महाकाली, चामुंडा, चंडी आदि देवियों की प्राकट्य कथा, 4 अप्रैल को माता का अन्नकूट एवं 56 भोग , 5 अप्रैल को पंच प्रकृति की कथा तथा 6 अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे गायत्री शक्तिपीठ प्रांगण में पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया है। आयोजन समिति ने श्रीमद् देवी भागवत की शोभायात्रा एवं कथा में सभी समाज के धर्म प्रेमी माताओं,बहनों एवं भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति की अपील की है।