कानून व्यवस्था मजबूत करने पुलिस का अभियान जारी
राजनांदगांव। जिले में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने पुलिस ने 23 अगस्त की रात 8 बजे से 12 बजे तक शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में एमसीपी लगाकर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली गई।

चेकिंग के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 69 मामलों में कार्रवाई करते हुए 32,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना लाइसेंस, बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी बैठाने और अन्य नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) मुकेश ठाकुर व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में चलाया गया। इसमें थाना लालबाग, सोमनी, छुरिया, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, गैंदाटोला, बागनदी, पुलिस चौकी सुकुलदैहान, मोहारा, सुरगी, तुमडीबोड़ और यातायात पुलिस शामिल रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट लगाएं और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें। पुलिस ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।