० जिला किसान कांग्रेस की बैठक संपन्न, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
राजनांदगांव। खाद की कमी की शिकायतों को लेकर जिला किसान कांग्रेस ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। इससे पहले पुराना रेस्ट हाऊस में जिला अध्यक्ष की मौजूदगी में किसान कांग्रेस की बैठक में कई गंभीर विषयों पर चर्चा हुई। किसान कांग्रेस ने जिले-प्रदेश में खाद संकट की स्थिति के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मोदी सरकार को किसान विरोधी करार दिया है।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने कहा कि, खरीफ फसल का सीजन आ गया है। धान का कटोरा कहलाने वाले प्रदेश के लिए इस दौर की खेती काफी महत्वपूर्ण है। किसान इस सीजन की फसल से ही अपनी आजीविका जुटाते हैं और दूसरी फसलों की तैयारियां करते हैं। उन्होंने कहा कि, किसान कांग्रेस जिले के सभी क्षेत्र में किसानों के हितार्थ काम कर रही है। किसानों को किसी भी तरह की समस्या होने पर हम उनकी सहायता करेंगे।
उन्होंने कहा किए मौजूदा समय में मांग अनुरुप खाद की उपलब्धता नहीं हो पा रही है। केंद्र सरकार ने रासायनिक उवर्वरकों की मांग अनुरूप आपूर्ति नहीं की जिसका असर खेती में पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि, जिला किसान कांग्रेस की बैठक में इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सभी किसानों को खाद की सुगम उपलब्धता और निजी विक्रेताओं द्वारा सही दाम में बिक्री व जमाखोरी पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक के दौरान ही नवनिर्वाचित जिला खैरागढ़ व मानपुर-मोहला-चौकी के किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष का भी स्वागत समारोह आयोजित किया गया। बैठक में जिला अध्यक्ष मदन साहू के अतिरिक्त जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, श्रीमती कांति बंजारे, जनपद सदस्य ओमप्रकाश साहू, किसान कांग्रेस पार्टी के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।