शहर में पत्रकारों की प्रस्तावित कालोनी में मूलभूत सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के दूसरे ही दिन राज्य शासन ने इसकी स्वीकृति दे दी। मंगलवार को सीएम हाउस रायपुर में सड़क, नाली, बिजली व पानी की व्यवस्था के लिए 1.80 करोड़ रुपये की घोषणा पर अमल के लिए शासन ने प्रशासन को स्वीकृति संबंधी दस्तावेज बुधवार को भेज दिया। इसी के साथ आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया गया कि अगले सप्ताह यह राशि प्रशासन को जारी कर दी जाएगी। अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर के पहले सप्ताह में सारे कार्यों के लिए निविदा भी जारी कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने निवास कार्यालय में मंगलवार को प्रेस क्लब राजनांदगांव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी घोषणा की। उन्होंने प्रेस क्लब भवन में विस्तारित भवन का लोकार्पण करने सहित पत्रकार नालोनी का भूमिपूजन भी किया। साथ ही उन्होंने राजनांदगांव के 141 पत्रकारों को आवासीय भूमि के दस्तावेज का वितरण भी किया।
कल्याण के लिए हर जरूरी कदम उठाए- मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पत्रकारों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मिले, उनका तथा उनके परिजनों का जीवन सुगम हो। इसके लिए हमने राज्य में पत्रकारों के कल्याण के लिए हर जरूरी कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि एक पत्रकार का काम बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है कि आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हुए अपने परिजनों के प्रति भी अपने कर्तव्यों को पूरा करें। लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने की भागमभाग में पत्रकार को अपने परिजनों के लिए समय पर जरूरी चीजों का इंतजाम करना भी कठिन हो जाता है।शासन ने अपनी इस जिम्मेदारी को महसूस किया कि पत्रकारों के जीवन की कठिनाईयों को कम किया जा सके, ताकि वे निश्चिंत होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इसीलिए राजनांदगांव के पत्रकारों ने जब जमीन की मांग की तो उन्हें तत्परता से 10 एकड़ जमीन शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में प्रेस क्लब भवन के विस्तार से पत्रकारों को अपनी रचनात्मक गतिविधियों के संचालन में बेहतर सुविधा होगी। यह भी खुशी की बात है कि आज पत्रकारों को आबंटित भू-खंडों के रजिस्ट्री का वितरण हुआ। इन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राजनांदगांव के 141 पत्रकारों को मात्र एक लाख रूपये की दर से 1980 वर्गफीट के भू-खंड आबंटित किए गए हैं।
कल्याण कार्यों की सराहना की गई- कार्यक्रम में महापौर हेमा देशमुख, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ने भी संबोधित किया और उनके द्वारा राज्य में पत्रकारों के कल्याण के लिए संचालित कार्यों की सराहना की गई। प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जमीन आबंटन के कार्य के लिए तत्परता दिखाई। प्रेस क्लब से जब मदद के लिए आग्रह किया गया उन्होंने तुरंत सहायता की।उन्होंने बुनियादी सुविधाओं के लिए राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के संरक्षक जितेंद्र मिश्रा व आभार प्रदर्शन प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति के उपाध्यक्ष मिथलेश देवांगन ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ युवा आयोग जितेंद्र मुदलियार,तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता सहित प्रेस क्लब राजनांदगांव के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।