कलेक्टर ने समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में की विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा रायपुर जिले में लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए मार्च महीने से ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर डाॅ सर्वेश्वर भुरे ने शिविरों के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाने के निर्देश आज समय सीमा के साप्ताहिक बैठक में दिए। डाॅ भुरे ने विभागीय अधिकारियों से उनके विभागों में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिले में मुख्यमंत्री के भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मिले आवेदनों, मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं जनसामान्य की मांगों-शिकायतों से संबंधित विषयों पर अधिकारियों से चर्चा कर जल्द से जल्द निराकृत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकाश छिकारा, अतिरिक्त कलेक्टर एन.आर.साहू, अपर कलेक्टर बी.बी.पंचभाई्र, गजेन्द्र ठाकुर एवं बी.सी.साहू, सभी एस.डी.एम तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। आज यहां कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रास सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने मार्च महीने से जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोगों की समस्याओं केे निराकरण के लिए क्लस्टर स्तरीय शिविर लगाने के निर्देश दिए। 10 से 12 ग्राम पंचायतों को मिलाकर एक क्लस्टर बनेगा। इसी प्रकार नगर पंचायत और नगर निगम क्षेत्रों में भी शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में राशन कार्ड बनाने, आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाने, श्रम कार्ड बनाने से लेकर लोगों की सभी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में हाट बाजार वाले दिन या बुधवार और शु्क्रवार को शिविर लगेंगे। नगर पंचायतों में शनिवार को शिविर लगाए जाएगें। कलेक्टर डाॅ भुरे ने मार्च माह के पहले सप्ताह से ही शिविरों की कार्य योजना बनाने और तिथिवार समय सारणी तैयार करने के निर्देश सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को दिए है। कलेक्टर ने जनचैपाल और लोकसेवा गांरटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने अधिकारियों को निर्देशित किए।