रायपुर के चार लोहा कारोबारियोें से सामान लेकर सात करोड़ 80 लाख रुपये का भुगतान नहीं करने का मामला सामने आया है। मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने एक आरोपित संतोष उर्फ बंटी साहू को नागपुर से गिरफ्तार किया है। सहयोगी के रूप में पकड़े गए इस आरोपित को न्यायालय से दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के बाद 23 जून को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपित पूर्व में रेल पटरी चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। वहीं, मुख्य आरोपित समता कालोनी स्थित एसएम शाप के डायरेक्टर स्वप्निल मित्तल सहित छह लोग फरार हैं।
आजाद चौक थाने से मिली जानकारी के अनुसार स्वप्निल मित्तल स्टील कारोबारी है। वह दूसरों से सरिया और अन्य सामान लेकर बेचता है। आरोपित ने टाटीबंध के श्रेयांश जैन से 48 लाख, सौरभ तोला से 1.29 करोड़, आनंद चौधरी से 2.33 करोड़ और राजेश अग्रवाल से 3.70 करोड़ रुपये का सरिया मई में खरीदा था। आरोपित ने सरिया को दूसरे राज्य में बेच दिया, लेकिन किसी को भी पैसा नहीं दिया। जब भी कारोबारी पैसे की मांग करते थे तो वह गुमराह करता था। इस पर चारों कारोबारियों ने थाने में शिकायत की।आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिया था। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि संतोष नागपुर में घूम रहा है। इस सूचना के बाद पुलिस ने इस पकड़ लिया। वहीं, शेष आरोपितों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।