छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोमवार शाम को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपने ससुराल जा रहा था। उसकी एक सप्ताह पहले ही शादी हुई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। हादसा चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम राजाढ़ार मोड के पास हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम धनवाही निवासी शोभित सिंह बैगा (22) पुत्र हजार सिंह बैगा अपने ससुराल ग्राम दुलदुला जा रहा था। इसी दौरान ग्राम राजाढार मोड में अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी है। घटना स्थल पर युवक का शव पड़ा था। आने-जाने वाले लोगों ने डायल 112 व चिल्फी थाना को जानकारी दी। मौके पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि, युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। देखने से लग रहा है कि युवक को सामने से आ रहे कोई वाहन ने ठोकर मारी है। मंगलवार को बोड़ला के सरकारी अस्पताल में पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंपा दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया है।