रायपुर के घड़ी कारोबारी से नौ लाख की लूट का मामला सामने आया है। हालांकि अभी तक अपराध दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर ढाई बजे की है। रायपुर के जयस्तंभ चौक स्थित विजय टाइम्स के संचालक व वाहन चालक ओडिशा के खरियार रोड से रायपुर लौट रहे थे। दोपहर ढाई बजे खल्लारी मंदिर के आगे महासमुंद रोड पर एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन सवारों ने इन्हें रोका। बताया कि वे सब साइबर सेल से हैं। उन्होंने कारोबारी से कहा कि तुम गांजा तस्करी कर रहे हो वाहन जांच करने दो डरे-सहमे कारोबारी ने वाहन जांच करने दिया। फिर इन्हें बोलेरो सवार पांच लोगों ने अपने वाहन में बिठा लिया। कहा कि पूछताछ होगी। इन्हें आगे कोसरंगी मोड़ तक लेकर गए। यहां इनसे इनके बैग ले लिए और वाहन से उतार कर भाग निकले। कारोबारी व उनका वाहन चालक तुरन्त लिफ्ट लेकर खल्लारी थाना पहुंचे और पुलिस को आप बीती बताई। बताया गया कि इनके बैग में कारोबार के नौ लाख रुपये थे। जो लुटेरे ले भागे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।