ढाबा के संचालक भाइयों पर जानलेवा हमला और तोड़फोड़ करने वाले दो और हमलावरों को सोमनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस पांच हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इन्हें मिलाकर अब तक सात आरोपित पकड़े जा चुके हैं। वहीं दर्जनभर से अधिक संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
राजनांदगांव। देवादा स्थित हमारा ढाबा के संचालक भाइयों पर जानलेवा हमला और तोड़फोड़ करने वाले दो और हमलावरों को सोमनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस पांच हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इन्हें मिलाकर अब तक सात आरोपित पकड़े जा चुके हैं। वहीं दर्जनभर से अधिक संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है। सोमनी थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने कहा कि पकड़े गए आरोपितों से भी उनके साथी हमलावरों की पहचान ली जा रही है। शुक्रवार को दो आरोपित जावेद और प्रभात आर्य को भिलाई से गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही अन्य आरोपितों की भी गिरफ्तारी पुलिस कर लेगी।
घटना बीते 22 मई की है। जब राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे ग्राम देवादा स्थित हमारा ढाबा में पहुंची उपद्रवियों की भीड़ ने ढाबा में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर ढाबा संचालक दीपक यादव और गौरव यादव पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर सौ से अधिक थे। इसके कारण भीड़ को देख ढाबा में काम करने वाले कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। कर्मचारियों की सूचना पर ही पुलिस की टीम ढाबा पहुंची। पुलिस को देख हमलावरों की भीड़ भाग तो गई, लेकिन सीसी टीवी कैमरे पर सभी हमलावरों की फूटेज कैद हो गई। फूटेज के आधार पर ही पुलिस ने ढाबा संचालक भाइयों पर जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपितों को दुर्ग व भिलाई से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को सोमनी पुलिस की टीम ने दो और हमलावरों को भिलाई से दबोचा। पकड़े गए आरोपितों के बताने पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को भी उठाया है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
ढाबा संचालक भाइयों पर जानलेवा हमला और ढाबा में तोड़फोड़ कर आगजनी की कोशिश करने वाले सभी आरोपितों को सर्व हिंदू समाज ने गिरफ्तार करने की मांग की है। एक दिन पहले ही सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग भी रखी है। यही नहीं शांति जिले में शांति व्यवस्था बनाने की भी बात कही है। व्यवस्था में सुधार नहीं होने व सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने उग्र आंदोलन कर चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी है।