अशोक विहार इलाके में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार एक यात्री की मौत हो गई जबकि चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद डंपर लेकर भाग रहे चालक को लोगों ने पीछा कर दबोच लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात 12:30 बजे पुलिस को शालीमार बाग फ्लाईओवर पर सड़क हादसा होने की जानकारी मिली। अशोक विहार थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां हरियाणा नंबर का एक ट्रक और क्षतिग्रस्त ऑटो मिला। जिसमें सवार पांच लोग घायल थे।
पुलिस तुरंत घायलों को दीपचंद बंधु अस्पताल में ले गई। जहां डॉक्टरों ने मूलत: बिहार के रहने वाले संतोष को मृत घोषित कर दिया। घायलों की पहचान ऑटो चालक जहांगीरपुरी निवासी प्रभु दयाल, शकूरपुर निवासी ध्रुव कुमार, विकास और पंकज कुमार के रूप में हुई है।
घटनास्थल पर जांच करने के बाद पुलिस को पता चला कि ऑटो सवारियों को लेकर शालीमार बाग फ्लाई ओवर पर चढ़ा। ऑटो चालक हरियाणा नंबर के ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद ऑटो ट्रक से टकरा गया और उसमें फंस गया। ट्रक चालक ने ट्रक को रोक दिया जबकि टक्कर मारने वाला चालक डंपर को लेकर भागने लगा। पीछे से आ रहे लोगों ने कुछ दूर पीछा करने के बाद डंपर चालक को दबोच लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। डंपर चालक की पहचान गोंडा यूपी निवासी श्रवण के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर क्रेन बुलाकर ट्रक में फंसे ऑटो को बाहर निकालकर रास्ता साफ किया गया। पुलिस के मुताबिक घायलों की हालत खतरे से बाहर है।