हिंदू लड़के से शादी करने पर पिता बना दुश्मन, गर्भवती बेटी को ऑटो से कुचलने की कोशिश
राजस्थान के भरतपुर में एक महिला को उसके पिता ने ऑटो रिक्शा से कुचलकर मारने की कोशिश की। भीड़ जमा होते ही आरोपी पिता ऑटो सहित मौके से फरार हो गया। गर्भवती बेटी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। दरअसल पीड़ित मुस्लिम महिला का नाम नगमा है। उससे हिंदू लड़के नरेंद्र सैनी से प्यार हो गया। उनका रिश्ता लड़की के परिवार को स्वीकार नहीं है।
आर्य समाज मंदिर में रचाई शादी
इस जोड़े ने 22 फरवरी को आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। बाद में नगमा के पिता ने इस्लाम खाने ने नरेंद्र के खिलाफ अपहरण और बहला-फुसलाकर जबरन शादी करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस केस और परिवार वालों के डर से दोनों मध्यप्रदेश के कटनी आ गए। उसके बाद वे दो महीने मथुरा में रहे। इस दौरान नगमा गर्भवती हो गई।
अस्पताल जाते वक्त हुआ हमला
दंपति बाद में भरतपुर लौट आए। दोनों शहर के रंजीत नगर में किराए के मकान में रहने लगे। गुरुवार दोपहर जब नरेंद्र अपनी पत्नी को रूटीन चेकअप के लिए जनाना अस्पताल ले गए, तो नगमा के पिता इस्लाम ने अपनी बेटी को ऑटो से कुचलकर मारने की कोशिश की।