कहते हैं कि प्यार किसी जात-पात और अमीरी-गरीबी का मोहताज नहीं होता. गुजरात के सूरत से एक ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां पान बेचने वाले एक दिव्यांग युवक की दोस्ती फेसबुक पर फिलीपींस की एक महिला के साथ हुई. बातों का सिलसिला ऐसा चला कि दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई. अब दोनों 20 नवंबर को शादी करने वाले हैं.
दोनों की लव स्टोरी बेहद दिलचस्प है. जानकारी के मुताबिक, दसवीं पास सूरत के युवक को अंग्रेजी भाषा भी नहीं आती थी. लेकिन कहते हैं न कि प्यार सब कुछ सिखा देता है. उसी तरह ट्रांसलेशन करने के एप्लीकेशन के माध्यम से दोनों के बीच फेसबुक पर चैटिंग होती रही और कुछ सालों के बाद इन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया. शादी के लिए महिला सूरत आ गई है. क्योंकि दोनों यहीं पर शादी करेंगे.

पान की दुकान चलाते हैं कल्पेश
जानकारी के मुताबिक, सूरत वराछा क्षेत्र में योगी चौक के पास पान की दुकान चलाने वाले कल्पेश भाई मावजीभाई काछड़िया दिव्यांग हैं. वह चल फिर नहीं सकते. 43 वर्षीय कल्पेश के परिवार में दो बहन और एक भाई हैं. उनके परिवार में सब की शादी हो चुकी है. दिव्यांग होने के कारण वह शादी नहीं करना चाहते थे.