छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार को एक हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ. इसमें सवार पायलट और को-पायलट की हादसे में मौत हो गई है. इसके बाद दोनों ही पायलट के घर में शोक की लहर है. कैप्टन एपी श्रीवास्तव के परिजन दिल्ली से रायपुर पहुंच चुके हैं. वहीं कैप्टन गोपाल कृष्ण पांडा की फैमली रायपुर में ही है. दरअसल रायपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार रात 9:10 बजे राज्य सरकार की हेलीकॉप्टर अगस्ता वेस्टलैंड लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गई है. दोनों पायलट प्रैक्टिक्स कर रहे थे. इसी बीच ये हादसा हुआ है. इसके बाद रायपुर एयरपोर्ट पर अफरा तफरी मच गई. वहीं कुछ ही देर में हेलीकॉप्टर मलबा के रूप में तब्दील हो गई. इसमें फंसे दोनों पायलट को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई. शुक्रवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में पायलटों के शव को मेकाहारा अस्पताल लाया गया है. यहां उनके शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है. पीएम के बाद कैप्टन एपी श्रीवास्तव का पार्थिव शरीर दिल्ली ले भेजा जाएगा. आज शाम दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जाएगा. डीजीसीए की टीम करेगी जांच वहीं कैप्टन गोपाल कृष्ण पांडा ओडिशा के रहने वाले हैं, लेकिन उनका परिवार यहीं रायपुर में है. इसलिए माना जा रहा है उनका अंतिम संस्कार रायपुर में ही किया जाएगा. इससे पहले देर रात पुलिस अफसरों का अमला एयरपोर्ट से लेकर रामकृष्ण अस्पताल तक चक्कर काटते रहे हैं. इस दौरान रायपुर आईजी ओपी पाल ने बताया कि स्टेट चौपर अगस्ता वेस्टलैंड में गुरुवार रात को नाइट फ्लाइंग की प्रैक्टिस चल रही थी. हेलीकॉप्टर में डीजीसीए के ट्रेनर एपी श्रीवास्तव और स्टेट के पायलट कैप्टन गोपाल कृष्ण पांडा सवार थे. हेलीकॉप्टर क्रैश में दोनों पायलटों की मौत हो गई है. उन्होंने कहा कि घटना किस तरह से हुई कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है. इसमें डीजीसीए की टीम जांच करेगी, तभी सारी चीजों का खुलासा हो पाएगा. हेलीकॉप्टर के मलबे से ब्लैक बॉक्स बरामद रायपुर एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर के मलबे से ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है. क्रैश से पहले पायलटों के बीच क्या बातचीत हुई है, इससे यह पता चल पाएगा. दिल्ली से डीजीसीए की टीम रायपुर पहुंच रही है. हेलीकॉप्टर क्रैश की जांच पड़ताल की जाएगी. राज्य सरकार की तरफ से कहा गया है कि प्रारंभिक रूप से हादसे के पीछे तकनीकी खराबी बताई गई है. हादसे का सटीक कारण पता लगाने के लिए डीजीसीए और राज्य सरकार के आदेश पर विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी. 15 साल पुराना है अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर गौरतलब है कि अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर 2007 में तत्कालीन बीजेपी सरकार में खरीदी की गई थी. हेलीकॉप्टर 15 साल पुराना हो चुका है. लगातार मेंटेनेंस भी इस हेलीकॉप्टर को जरूरत पड़ रही थी. 2021 में स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव जब इस हेलीकॉप्टर पर सवार थे तो अचानक कांच पर क्रैक हो गया था. आपको बता दें कि इस हेलीकॉप्टर से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हवाई सफर किया है. 4 मई से शुरू हुए मुख्यमंत्री के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम पर भी इस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा था. हालांकि मुख्यमंत्री किराए के हेलीकॉप्टर में दौरा कर रहे थे, लेकिन अगस्ता वेस्टलैंड पर अधिकारी सवारी कर रहे थे.