रायपुर। प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों को टीका लगवाने के लिए पहले पंजीयन करना होगा। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार पंजीयन केवल कोविन एप या आरोग्य सेतु एप के माध्यम से आनलाइन होगा। टीकाकरण केंद्र पर पंजीयन की सुविधा नहीं मिलेगी। केवल शासकीय केंद्रों में ही निश्शुल्क टीका लगेगा।
निजी अस्पतालों को कंपनी से खरीदनी पड़ेगी वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि राज्य को केंद्र से मिलने वाली वैक्सीन डोज में से कुछ वैक्सीन निजी संस्थानों की मांग अनुसार उन्हें भुगतान के आधार पर दी जा रही है। केंद्र के निर्देशानुसार यह वैक्सीन डोज एक मई से निजी संस्थानों को नहीं दी जा सकेंगी। एक मई से होने वाले टीकाकरण के तीसरे चरण के लिए राज्य के निजी संस्थान भी वैक्सीन उत्पादकों से वैक्सीन स्वयं खरीद सकेंगे।
इस आधार पर निजी अस्पतालों को मिलेगी अनुमति
किसी भी निजी संस्थान में वैक्सीनेशन सेंटर बनाने के लिए संस्था में कोल्ड चेन उपकरण, टीकाकरण और निगरानी कक्ष के लिए पर्याप्त स्थान होना चाहिए। वैक्सीनेटर व वैरीफायर की पर्याप्त संख्या उपलब्ध होनी चाहिए। कोविन पोर्टल में कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का पंजीकरण जिला टीकाकरण अधिकारी द्वारा किया जाएगा। ऐसे निजी स्वास्थ्य संस्था जो पूर्व में कोविन में पंजीकृत है उन्हें फिर पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।
औद्योगिक संस्थान भी करा सकेंगे टीकाकरण
औद्योगिक संस्थान भी स्वयं वैक्सीन उत्पादकों से खरीद करके अपने कर्मचारियो व उनके परिजनों का टीकाकरण करा सकेंगे। ऐसे औद्योगिक संस्था जहां अस्पताल है उनका पंजीकरण कोविन में औद्योगिक संस्था कोविड वैक्सीनेशन सेंटर के रूप में किया जा सकता है। ऐसे औद्योगिक संस्था जहां उपयुक्त अस्पताल नहीं है उन्हें वर्तमान में कार्यरत निजी कोविड वैक्सीनेशन सेंटर से मैपिंग कर टीकाकरण किया जा सकता है ।