भदोही। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को बड़ी कामयाबी हासिल की। निकाय चुनाव को देखते हुए लगातार चल रहे चेकिंग अभियान के बीच पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने राजपुरा चौराहे पर जांच के दौरान उनके पास से 5.10 लाख की कीमत के शराब बरामद किये। तस्करों के खिलाफ हरियाणा, बिहार और राजस्थान में विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। कोतवाली प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि आधी रात के बाद इंदिरा मिल की ओर से एक आई टेन गाड़ी आ रही थी। जिस पर दिल्ली का नंबर था। शक के आधार पर गाड़ी रोका गया तो उन्होंने रोकने में थोड़ी देरी कर दी। इस पर हम लोग गंभीर हो गए। वाहन की छानबीन में 5 जरीकेन में 50 लीटर अपमिश्रित शराब, 1017 पाउच अंग्रेजी शराब 8 पीएम 180 एमएल (कुल 183 लीटर), मिश्रण केमिकल यूरिया, गंधक व सुहागा आदि रखा हुआ था। जिसकी कार समेत कुल कीमत 5.10 लाख आंकी गई है। वाहन पर वाराणसी से माल लाद कर वे भदोही औराई के रास्ते बिहार जाने की फिराक मे थे। इस दौरान गाड़ी में बैठे प्रकाश यादव निवासी ग्राम रामवास थाना मुंडावर जिला अलवर राजस्थान तथा सचिन गुर्जर निवासी कीरतसिंहपुर थाना बहरोट जिला अलवर राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे अधिक पैसा कमाने के लालच में अंग्रेजी शराब में अपमिश्रण कर बिहार राज्य में महंगे दामों पर बेचा करते थे। बताया कि प्रकाश यादव खुद गैंग लीडर है। दोनों के विरुद्ध राजस्थान और हरियाणा में पहले से दो-दो मुकदमा दर्ज हैं। दोनो पर तीसरा मुकदमा भदोही कोतवाली में दर्ज कर विवेचना की जा रही है। उनके अन्य अपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है।