0 मामला नगर पंचायत छुरिया का
छुरिया- नगर पंचायत सीमा क्षेत्र के वार्ड एक में रात के अंधेरे में सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी था । निर्माण कार्य में प्राक्कलन के अनुरूप कार्य न करते हुए स्तरहीन सामग्री का उपयोग किया जा रहा था जिसको गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत सीएमओ ने ठेकेदार को नोटिस जारी किया है ।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत के वार्ड क्र. एक संत रविदास वार्ड में अधोसंरचना मद से 29 लाख रूपये की लागत से नहर नाली से खेत तक सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य दिन में न करते हुए नियम विरूद्ध रात के अंधेरे में स्तरहीन सीमेण्ट,गिट्टी, का उपयोग धड़ल्ले से करते हुए अपनी मनमानी कर रहा था जिसका शीर्षक ‘‘रात के अंधेरे में सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य धड़ल्ले से, ठेकेदार की मनमानी‘‘ का खबर का प्रकाशन 3 मार्च को कड़वा घूंट में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था । खबर का असर पड़ते ही नगर पंचायत सीएमओ अजय सिंह ने दूसरे दिन सी.सी.सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जहां कई खामियां पायी गई । निर्माण कार्य में भी गड़बड़ी मिली है और उन्होने निर्माण कार्य कर रहे फर्म श्याम इंडस्ट््रीज डोंगरगढ़ को नोटिस थमाया है ।

0 तीसरी बार मिला ठेकेदार को नोटिस
संत रविदास वार्ड क्र. एक में सी.सी.सड़क निर्माण कार्य में निर्धारित समयावधि पर कार्य नहीं करने पर इसके पहले भी संबंधित ठेकेदार को दो बार नोटिस थमाया गया था । वहीं रात के अंधेरे में सी.सी.सड़क निर्माण कार्य करने की शिकायत पर ठेकेदार को तीसरी बार सीएमओ ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

0 प्राक्कलन को दरकिनार कर अपनी मनमानी कर रहा ठेकेदार
वार्ड क्र. एक में अधोसंरचना मद से सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप न करते हुए ठेकेदार ने निर्माण कार्य में जमकर भर्राशाही कर अपनी मनमानी कर गड़बड़ी की है। इस कार्य में नगर पंचायत के इंजीनियर की भूमिका भी संदेह के दायरे में हैं ।