KADWAGHUT IMPACT: खबर का असर – मृत पशु के मामले में लापरवाही, निगम ने जारी किया नोटिस, पूर्व पार्षद ने की FIR की मांग
राजनांदगांव। ब्राह्मणपारा में मृत गाय को नगर निगम की गाड़ी से घसीटकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। मामला उस समय गंभीर हुआ जब कडुवा घूंट न्यूज़ पोर्टल में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई।
गांधी चौक रामायण समिति के पीछे गली में कई घंटों तक मृत गाय पड़ी रही, जिससे बदबू और संक्रमण का खतरा बढ़ गया। बाद में निगम का अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन गाय को उठाने के बजाय रस्सी से बांधकर ट्रैक्टर से घसीटा गया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में गुस्सा फैल गया।
नगर निगम ने नोटिस जारी किया
स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिक निगम राजनांदगांव ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सफाई दरोगा, वार्ड प्रभारी और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि मृत पशु को समय पर नहीं उठाने और उचित निस्तारण न करने से जनता में आक्रोश की स्थिति बनी। संबंधित कर्मचारियों को दो दिनों में लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री का सख्त बयान
इस पूरे मामले में पूर्व पार्षद और गोसेवक ऋषि शास्त्री ने निगम की लापरवाही को गंभीर बताते हुए कहा –
“मृत पशु को घसीटकर ले जाना अमानवीय और पशु सम्मान के खिलाफ है। दोषियों पर FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।”

अब देखना यह होगा कि निगम प्रशासन इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है ।