सांसद संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इस दौरान सांसद पाण्डेय ने कहा कि शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में सार्थक चर्चा हुई है और अच्छे सुझाव प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी मिलकर समन्वित तरीके से लोक हित में अच्छा कार्य करें। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम का आयोजन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर जिले में 75 अमृत सरोवर बनाने के निर्देश प्राप्त हुए है। जिसमें नया तालाब खनन करने तथा पुराने तालाब का गहरीकरण कार्य किया जाना है। समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश्वर बघेल, खुज्जी विधायक छन्नी साहू, विधायक प्रतिनिधि लीलाराम भोजवानी, जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
415 गांवों की फसल दावा गणना अब तक नहीं किए
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में जानकारी देते हुए उप संचालक कृषि ने बताया कि 76 हजार 136 पात्र किसानों को 163 करोड़ 2 लाख रुपए की दावा राशि के भुगतान की कार्रवाई बीमा कंपनी द्वारा की गई है। 415 ग्रामों की अधिसूचित फसल की दावा गणना बीमा कंपनी स्तर पर लंबित है, जो शीघ्र ही पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने कृषि विभाग के योजनाओं के तहत किसानों को दिए जा रहे लाभ और इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी बैठक में दी।
मनरेगा व स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा
जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने मनरेगा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की जानकारी दी। सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत मलेरिया कार्यक्रम में 101% प्रगति रही। वही क्षय नियंत्रण कार्यक्रम में 5 लाख लोगों का सर्वे किया गया, जिसमें 3 पॉजिटिव केस पाए गए। 10 लाख 58 हजार 537 व्यक्तियों का आयुष्मान भारत कार्ड बन चुका है।