पुराने लेन-देन के विवाद में चार आरोपियों ने दिन दहाड़े शहर से हाईवा की लूट को अंजाम दिया। लूट बिल्कुल फिल्मी अंदाज में की गई। लेकिन मामले की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
घटना बुधवार दोपहर करीब 2.30 बजे की है। चुम्मन दास साहू का हाईवा वर्तमान में रेलवे के मालधक्का गोदाम में लोडिंग पर लगा हुआ है। बुधवार दोपहर यहीं से ड्राइवर चेतन वर्मा खाना खाने के बाद हाईवा को मालधक्का की ओर लेकर जा रहा था, तभी लग्जरी कार में सवार होकर चार लोग हाईवा के सामने पहुंचे। कार से दो आरोपी उतरे और हाईवा के केबिन में सवार हो गए। ड्राइवर से मोबाइल फोन छीन लिया।
फुटेज में दिखे संदेही, इसके बाद हुई गिरफ्तारी
ड्राइवर की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शहर से लेकर बढ़ईटोला तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जिसमें हाईवा के आगे चल रही कार दुर्ग निवासी जितेंद्र जोगेवार के होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने तत्काल जितेंद्र जोगेवार को गिरफ्तार किया। जोगेवार ने पूछताछ में घटना को अंजाम देने वाले गिरवर साहू, पुरषोत्तम यादव और राजू भट्ट की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
हाईवा मालिक के साथ रुपए को लेकर पुराना विवाद
पुलिस ने बताया कि हाईवा के मालिक चुम्मन साहू और आरोपी जितेंद्र जोगेवार का रुपए लेन-देन का पुराना विवाद है। इसी के चलते जोगेवार ने तीन लोगों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम देने की योजना बनाई। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। इधर कोतवाली पुलिस ने हाईवा और लूट में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।