राजनांदगांव। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से जन कल्याण सामाजिक संस्थान, राजनांदगांव द्वारा ग्राम-मुदगांव, ब्लाक-डोंगरगढ़, जिला-राजनांदगांव के सामुदायिक भवन में स्वयं सहायता समूह के पदाधिकारियों का एक दिवसीय समूह नेतृत्व प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मनोज कुमार नायक, अध्यक्षता जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, तुमडीबोड़ के शाखा प्रबंधक संजय बाजपई, विशेष अतिथि जन कल्याण सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह एवं मुदगांव ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमति सेवती बाई कतलाम उपस्थित थी। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार नायक ने नाबार्ड एवं उससे संबंधित योजनाओं के बारे में साथ ही समूह के पदाधिकारियों को समूह के संचालन की कार्यप्रणाली एवं उससे जुड़कर अपनी आय को अधिक कैसे किया जा सकता है, इस पर प्रकार प्रकाश डाला। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रबंधक संजय बाजपई जी ने बताया कि आपके द्वारा जो ऋण लिया गया है उसे आप समय पर जमा कर बैंक से पुनः ऋण प्राप्त कर सकते है। बैंक में समय से ऋण अदायगी आपकी साख को प्रदर्शित करती है आपके द्वारा जमा पूंजी को बैंक में ही जमा करें, जिससे आपके लेन-देन के द्वारा बैंक में आपकी साख मजबूत बनेगी।
संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि समूह के कुशल संचालन के लिए समूह नेतृत्व प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। अतः कुशल संचालन के लिए समूह की अवधारणा, स्वयं सहायता समूह की आवश्यकता, बचत एवं समूह संचालकों के दायित्व एवं नियमावली, समूह के पदाधिकारियों अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के कर्तव्यों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। समूह सदस्यों की पात्रता 18 से 60 वर्ष की उम्र की महिला जो आर्थिक रूप से पिछड़े हों समूह के सदस्य बनने की पात्रता में आते है, एक समूह में सदस्यों की संख्या कम से कम 10 और अधिकतम 20 सदस्य होना चाहिए, यह बताया गया। समूह में नियमित बैठक नियमित बचत, बैंक में खाता का संचालन एवं नियमों का पालन, रिकार्ड संधारण करना, ऋण का लेन-देन आवश्यक है। बैंक से लिंकेज करके आपसी लेन-देन छोटे-छोटे घरेलू या कुटीर उद्योगो को चलाया जा सकता है। बैंक हमेशा ऋण समूह के नाम पर स्वीकृत एवं जारी करता है। बैंक समूह की ग्रेडिंग करके राशि स्वीकृत करता है। प्रस्ताव पंजी, बचत पंजी ऋण पंजी, बैंक पास बुक, नियमित बचत आदि का ग्रेडिंग कर बैंक समूह को 01 से 04 गुना ऋण देता है। कार्यक्रम का संचालन संस्था के जिला श्रोत समन्वयक जितेन्द्र कुमार जंघेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संस्था की कार्यकर्ता श्रीमति खिलेश्वरी साहू, श्रीमती चित्ररेखा साहू एवं ग्राम के 20 स्वयं सहायता समूह के 40 पदाधिकारी उपस्थित थे।
————–