0 भाजयुमो साथ पहुंचे पीडि़तों ने दर्ज करवाई अम्मन ट्रेडर्स के खिलाफ एफआईआर
राजनांदगांव। आधे दाम पर घरेलू समान देने के झांसा देकर राशि जमा करवाने के बाद फरार हुए तुलसीपुर में संचालित अम्मन ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ पीडि़तों ने मंगलवार को जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर के साथ पहुंच कर एफआईआर दर्ज कराई है।
मोनू बहादुर ने कहा कि, नगरवासियों को ठगा गया है। यह स्थिति तब बनी है जब पहले ही कुछ लोगों ने अलग-अलग माध्यमों से प्रशासन को इसे लेकर सूचित किया था। अखबारों में भी यह खबर छपी थी। इसके बावजूद जैसे हालात बने हैं लगता है कि आरोपी संचालक को प्रशासन और पुलिस से ही संरक्षण मिलता रहा और मौका पाकर वह फरार हो गया।
भाजयुमो अध्यक्ष मोनू ने कहा कि, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दावा करते हैं कि कांग्रेस सरकार में चिटफंड कंपनियां फल-फूल नहीं सकी। न केवल मुख्यमंत्री के ये दावे गलत हैं बल्कि उनके राज में तो सरकारी मशीनरी के संरक्षण में खुलेआम लाखों की ठगी करने वाले आरोपी नाक के नीचे से फरार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि, भोले-भाले लोगों की सालों में बचत की गई रकम एक झटके में चली गई। बाहर से आए एक ठग ने लोगों को झांसा दिया और रकम वसूली और दूसरी तरफ प्रशासन और पुलिस तमाशा देखती रही
उन्होंने कहा कि, कांग्रेस सरकार में कानून व्यवस्था के चरमराने का ये एक और जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि, दर्जनों पीडि़तों को लाखों की रकम का चूना लगाकर फरार संचालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो इस मामले को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। मंगलवार को कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराने के दौरान पीडि़तों के साथ ही भाजयुमो दक्षिण मंडल अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव, महामंत्री आशीष जैन भी मौजूद थे।