राजनांदगांव- विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारी के लिए भाजपा की कसरत शुरू हो गई है। 8 व 9 जनवरी को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक जिले में होगी। पूर्व में यह बैठक 24 व 25 दिसंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन तब इसे स्थगित कर दिया गया था।इसके बाद 8 व 9 जनवरी को पूर्व की रुप रेखा के मुताबिक बैठक होगी। दो दिवसीय बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पटेल ने बताया कि दो दिवसीय बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई है। पहले दिन याने 8 जनवरी को चार विधानसभा के सभी शक्ति केंद्रों में बैठक होगी। इसमें अलग-अलग पदाधिकारी पहुंचेंगे। जो बूथ प्रभारी, कार्यकर्ता, सदस्यों से चर्चा करेंगे और पार्टी की अगली तैयारी की रुपरेखा को साझा करेंगे।
दिनभर के बैठक के बाद पदाधिकारी रात भी इन्हीं हिस्सों में रात भी बिताएंगे। 9 जनवरी को प्रदेश कार्यकारिणी की जंबो बैठक सोमनी के एक निजी होटल में होगी। पटेल ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को देखते हुए यह बैठक की जा रही है।
जिसमें बूथ लेवल से लेकर संगठन के जिला पदाधिकारियों से चर्चा होगी। संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी प्रदेश पदाधिकारियों को तैयारियों को लेकर टिप्स देंगे।
पहली बार शक्ति केंद्रों में ऐसी बैठकें चलने वाली है
तैयार रूपरेखा के मुताबिक भाजपा के 10 मंडल में 161 शक्ति केंद्र हैं। इन सभी शक्ति केंद्रों में एक ही दिन में बैठक होनी है। इसके लिए हर केंद्र में एक प्रदेश पदाधिकारी को भेजा जाएगा। जो संगठन की तैयारी रुपरेखा से लेकर प्रदेश सरकार को घेरने बनाई गई रणनीति को साझा करेंगे।पहली बार संगठन के आला पदाधिकारी सीधे बूथ केंद्र में पहुंचकर बैठक लेने वाले हैं। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर मतदाताओं से चर्चा करने, उनकी समस्या और योजनाओं से वंचित हितग्राहियों की जानकारी लेने जैसे टिप्स शक्ति केंद्र की टीम को दिए जाएंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का बड़ा मुद्दा कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र ही होगा। कांग्रेस ने 36 बिंदु का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। भाजपा का पक्ष है कि इसमें से ज्यादातर वादे पूरे ही नहीं किए गए हैं।
इन्हीं वादों को लेकर आने वाले दिनों में भाजपा जिला से लेकर मंडल स्तर पर आक्रामक प्रदर्शन कर सकती है। जनवरी के पहले सप्ताह से ही प्रदेश सरकार को घेरने ऐसे प्रदर्शन शुरू हो सकते हैं। बैठक के बाद कई कार्यक्रमों केा लेकर युवा मोर्चा को भी बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
इसी महीने कांग्रेस की हाथ जोड़ो यात्रा होगी
इधर कांग्रेस ने भी बूथ लेवल तक पहुचंने की प्लानिंग तैयार कर ली है। 26 जनवरी से कांग्रेस हाथ जोड़ो यात्रा शुरू कर रही है। यह यात्रा विधानसभा वार गांव-गांव में पहुंचेगी। पदाधिकारी व कार्यकर्ता बूथ लेवल में पहुंचकर लोगों को प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जानकारी देंगे। इसी साल विधानसभा चुनाव होना है। इसे लेकर दोनों की दलों ने तैयारी तेज कर दी है। बैठक में कांग्रेस सरकार को घेरने पर रणनीति तय की जाएगी।