राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र के होटल अवाना के पास रविवार रात ओवरटेक करने की बात को लेकर हुए विवाद में आदतन बदमाश मिथलेश पाण्ड्या ने प्रार्थी पर तलवार से हमला कर दिया। इस वारदात में प्रार्थी के चेहरे पर गहरी चोट आई, वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई के हाथ में भी चोट लगी। घटना के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसका साथी राहुल फरार है।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे होटल अवाना के पास गाड़ी ओवरटेक करने की बात को लेकर आरोपी मिथलेश पाण्ड्या और उसके साथी राहुल ने रोककर गाली-गलौज की। दोनों ने जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मिथलेश ने अपने पास रखी तलवार से वार किया, जिससे प्रार्थी के चेहरे पर गंभीर चोट लगी।
मामले में थाना बसंतपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 361/2025 धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, एएसपी राहुल देव शर्मा और सीएसपी वैशाली जैन के निर्देशन पर थाना प्रभारी एमन साहू की टीम ने आरोपी मिथलेश पाण्ड्या को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त तलवार जब्त की और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मिथलेश पाण्ड्या आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है और उस पर मारपीट व हत्या के प्रयास जैसे कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, घटना में शामिल दूसरा आरोपी राहुल अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।