कोंडागांव। कोंडागांव के नहरपारा वार्ड में एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। यहां एक मोर रोजाना घर-घर जाकर नृत्य कर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मोर पास के गुरुकुल का है। मोर अब लोगों से बिल्कुल नहीं डरता। वह घरों के दरवाजे पर जाकर अपने पंख फैलाता है और नृत्य करता है। शुरुआत में लोग उसके पास नहीं जाते थे और मोर भी डर जाता था। लेकिन अब लोग उसे चावल खिलाते हैं।
मोर की यह अनूठी गतिविधि लोगों को आकर्षित कर रही है। वह आसपास के घरों में पाली जा रही मुर्गियों के साथ भी खेलता है। कभी किसी के दरवाजे पर तो कभी घरों की छतों पर बैठा नजर आता है। आमतौर पर जंगलों या पार्कों में ही मोर को नाचते देखा जाता है। लेकिन यहां शहर के बीच में लोग रोज सुबह-शाम इस खूबसूरत नजारे का आनंद ले रहे हैं। मोर की इस अद्भुत सुंदरता को देखने के लिए लोग खास तौर पर यहां आते हैं।