रायपुर,



76 वां गणतंत्र दिवस बलौदाबाजार जिले में हर्षाेल्लास के साथ एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। बलौदाबाजार जिला मुख्यालय के स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकार परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संदेश का वाचन करते हुए राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां एवं भावी कार्य-योजनाओं की जानकारी दी।
सांसद श्रीमती चौधरी ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने जिले में उत्कृष्ट कार्य हेतु 54 अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित किया। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा आकर्षक विभागीय झांकियों ने दर्शकों का मन मोहा। इसके साथ ही पहली बार डॉग शो का भी आयोजन किया गया जिसमें जर्मन शेफर्ड डॉग कोका के प्रदर्शन ने खूब तालियां बटोरी।
मुख्य अतिथि ने कलेक्टर व एसपी के साथ परेड निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्रीमती उषा ठाकुर ने किया। समारोह में हर्ष और उल्लास के प्रतीक के रूप में रंगीन गुब्बारे आसमान में उड़ाये गये। मुख्य अतिथि ने जिलें के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिजनों एवं लोकतंत्र सेनानियों को श्रीफल एवं साल से सम्मान कर उनका हाल चाल जाना।
मार्च पास्ट परेड में सीनियर ग्रुप में प्रथम स्थान जिला पुलिस बल पुरूष बलौदाबाजार एवं जुनियर ग्रुप में प्रथम स्थान स्काउट गाईड पं. लक्ष्मी प्रसाद तिवारी कन्या उच्च. माध्यमिक विद्यालय बलौदाबाजार को प्राप्त हुआ। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान वर्धमान विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम बलौदाबाजार एवं झांकी में प्रथम स्थान वन विभाग को प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर स्काउट गाइड राज्य उपाध्यक्ष श्री विजय केशरवानी, विधायक बिलाईगढ़ डॉ. सनम जांगड़े, कलेक्टर दीपक सोनी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, डीएफओ मयंक अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चें एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।