राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाके आज सुबह से ही बारिश की चपेट में हैं। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, उत्तरी दिल्ली को छोड़कर बाकी सभी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी आज सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। गुरुग्राम के सेक्टर 10 और सेक्टर 9 में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 घंटों में दिल्ली और एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा, मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अगले तीन घंटों में मध्यम से तीव्र बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम और जलभराव जैसी मुश्किलें सामने आ सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश में भी बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। कुल्लू, शिमला, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में सबसे ज्यादा असर देखा गया। कुल्लू में घर, दुकानें और वाहन बह गए हैं। शिमला के रामपुर इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊपरी इलाकों में भी भारी नुकसान की खबर है। मौके पर SDRF और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हैं और राहत कार्य जारी है।
यह मौसम आने वाले कुछ घंटों तक जारी रहने की संभावना है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।