भारत में कार मॉडिफिकेशन का शौक कोई नया नहीं है। कई लोग अपनी कारों को इस तरह कस्टमाइज़ करते हैं कि वह कंपनी के टॉप मॉडल से भी ज्यादा प्रीमियम लगने लगती है। किसी को इंटीरियर अपग्रेड करना पसंद है तो किसी को बड़े और दमदार अलॉय व्हील्स। अब हाल ही में एक नया वीडियो सामने आया है जिसने कार प्रेमियों का ध्यान खींच लिया है।
दरअसल, इस वीडियो में 2025 मारुति सुजुकी डिजायर को 20-इंच के विशाल एलॉय व्हील्स और लो-प्रोफाइल टायर्स के साथ दिखाया गया है। इस मॉडिफिकेशन ने डिजायर सेडान को एक तरह से SUV का लुक दे दिया है। वीडियो यूट्यूबर मिहिर गलाट के चैनल पर शेयर किया गया है और यह तेजी से वायरल हो रहा है।
मालिक का अनुभव और चुनाव
वीडियो में कार के मालिक बताते हैं कि उनके पास पहले से ही हुंडई क्रेटा (मॉडिफाइड वर्ज़न), टोयोटा फॉर्च्यूनर और इनोवा जैसी गाड़ियां हैं। लेकिन क्रेटा बेचने के बाद उन्होंने सोचा कि अब एक सेडान ली जाए। इसी सिलसिले में उन्होंने ब्लैक कलर की नई चौथी जनरेशन डिजायर खरीदी।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने वोक्सवैगन वर्टूस पर भी विचार किया था, लेकिन उसकी कीमत ज्यादा होने की वजह से डिजायर को चुना।
20-इंच एलॉय व्हील्स की कीमत
इस डिजायर में लगाए गए 20-इंच के अलॉय व्हील्स और टायर्स की कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपए है। मालिक के अनुसार सिर्फ एक टायर की कीमत लगभग ₹14,000 है। इसके अलावा कार में फ्रंट स्प्लिटर, ब्लैक टिंटेड विंडोज़ और डेकलिड स्पॉइलर भी लगाए गए हैं, जिससे इसका लुक और भी स्पोर्टी बन गया है।
सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग
मालिक ने यह भी बताया कि ऑनलाइन मार्केट में इतनी बड़ी साइज के अलॉय व्हील्स आसानी से नहीं मिलते। फिलहाल यह सेट अस्थायी तौर पर लगाया गया है और आगे चलकर इसे क्रोम फिनिश वाले अलॉय से बदला जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि ऐसी मॉडिफाइड डिजायर अभी इंटरनेट पर बहुत कम दिखाई देती है। यही वजह है कि उनकी यह कार रील्स और शॉर्ट्स पर काफी ट्रेंड कर रही है और लोग इस मॉडिफिकेशन की जमकर तारीफ कर रहे हैं।