मृतक बालक के परिजनों सहित संबंधितों का लिया बयान
0 मामला सड़क चिरचारी का
छुरिया- पंचायत सड़क चिरचारी में सूचना पटल गिरने से बालक की मौत के मामले की जांच शुरू हो गई है । कलेक्टर के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने आज घटना स्थल पहुंचकर निरीक्षण किया । साथ ही मृतक बालक के परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों का बयान भी लिया गया ।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत सड़क चिरचारी में रविवार को सेवा सहकारी समिति के बाउण्ड््री वाल से लगे सूचना पटल के गिर जाने से मासूम बालक युवांश निषाद के दब जाने से मौत हो गई जिससे घटिया निर्माण की पोल खुल गई । घटना से गुस्साए परिजनों का आरोप है कि पूर्व सरपंच के द्वारा निर्माण कार्य में भर्राशाही की गई । नतीजा मासूम बालक को जान से हाथ धोना पड़ा । खबर मिलते ही पूर्व विधायक छन्नी साहू ने इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही एवं पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाइवे पर धरने पर बैठ गई । जहां उच्चाधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ । इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तीन सदस्यीय टीम को जांच का जिम्मा सौंपा । मंगलवार को अपर कलेक्टर सरस्वती बंजारे, लोक निर्माण के ईई एसके चौरसिया, उपसंचालक पंचायत देवेन्द्र कौशिक के साथ एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम एवं जनपद सीईओ होरी लाल साहू, सड़क चिरचारी पहुंचे उन्होंने पंचायत भवन में मृतक बालक के परिजनों का बयान लिया । तत्पश्चात जांच टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण भी किया है ।

पूर्व सरपंच सहित, इजीनियर, सचिव, को नोटिस जारी
पंचायत के निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने एवं सूचना पटल पर दब जाने से बालक की मौत के बाद इस मामले में पूर्व सरपंच सारिका जैन, सचिव मनसुख लाल साहू एवं निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे इंजीनियर सुलेन्द्र साहू को जिला पंचायत सीईओ ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सरपंच ने निर्माण कार्य से झाड़ा पल्ला
नवनिर्वाचित सरपंच गुलचरण कतलाम को भी सूचना पटल गिर जाने एवं उसमें दबकर मासूम बालक की मौत पर जिला पंचायत सीईओ ने नोटिस थमाया था । इसके जवाब में सरपंच कतलाम ने जांच समिति टीम को स्पष्टीकरण का जवाब देते हुए कहा कि उक्त कार्य पूर्व में स्वीकृत था, जिसे पूर्व सरपंच सारिका जैन, मनीष जैन द्वारा किया गया है कहकर इस मामले से पल्ला झाड़ लिया।
जांच टीम के समक्ष परिजनों ने कहा दोषियों पर हो कार्यवाही
पंचायत भवन में जांच टीम के समक्ष मृतक बालक के मामा एवं परिजनों ने कहा कि सूचना पटल में घटिया निर्माण कार्य होने उनके बच्चे की मौत हो गई। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले पूर्व सरपंच पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जावे ।