राजनांदगांव . नगर निगम राजनांदगांव ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डामरीकरण कार्य में लापरवाही बरतने वाली ठेका फर्म मेसर्स दास प्रोसेर्स को तीन साल के लिए ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। नगर निगम की ओर से फर्म को वर्धमान नगर, ममता नगर, आरडीसी हॉस्पिटल मार्ग, इंडस्ट्रीज शॉप से सामुदायिक भवन सहित अन्य जगहों पर डामरीकरण कार्य करने का ठेका दिया गया था, लेकिन वर्क ऑर्डर जारी होने के तीन माह बाद भी काम शुरू नहीं किया गया।
नगर निगम द्वारा फर्म को 7 से 8 बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन न कोई जवाब मिला और न ही कोई पहल की गई। इस घोर लापरवाही और अनुबंध की अवहेलना को देखते हुए निगम आयुक्त ने सत रुख अपनाते हुए मेसर्स दास प्रोसेर्स को ब्लैक लिस्ट कर दिया। साथ ही, इस फर्म को जारी सभी वर्क ऑर्डर रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा, ठेकेदार की अमानती राशि एवं परफॉर्मेंस गारंटी की एफडीआर को भी नगर निगम ने अपने कोष में राजसात कर लिया है। इन इलाकों में सड़कों की हालत खराब बनी हुई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। वार्डवासियों का कहना है कि सड़कों की मरमत नहीं होने से धूल, कीचड़ और दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। लोग नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
यह भी पढे : Rajnandgaon: अपनी पत्नि का गला घोंटकर किया था हत्या, पति को उम्रकैद की सजा