खैरागढ़। माह के आखिरी सप्ताह के शुरूआत से ही अज्ञात चोरों का निशाना शिक्षा विभाग बना हुआ है। मंगलवार 23 की रात शहर के बीचो-बीच जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के आधा दर्जन कमरे और उससे सटे पूर्व माध्यमिक कन्या शाला में प्रधानपाठक कक्ष का ताला अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया। इससे पहले पदुमलाल पुन्नालाल सेजेस में भी अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर मध्यान्ह भोजन कक्ष से गैस टंकी, चावल-दाल और मसाला गयाब कर दिया। यहां भी प्रयोगशाला और प्राचार्य कक्ष का ताला टूटा, लेकिन चोर किसी सामान को साथ नहीं ले गए। लगातार शिक्षा विभाग के अलग-अलग स्कूलों व कार्यालयों में अज्ञात चोरों की धमक से पूरा विभाग परेशान है।
हालांकि पुलिस को विभागीय सूचना दे दी गई है, लेकिन चोर सपड़ में नहीं आए हैं। शिक्षा विभाग से संबंधित जगहों पर ही ताला तोड़ने की लगातार हो रही घटना से पूरा विभाग चिंतित है और इस सवाल का जवाब आपस में ही तलाश रहे कि किस नीयत से लगातार ताला तोड़ा जा रहा है। शिक्षा मंदिर अज्ञात चोरों की धमक समझ से परे है। जबकि यहां केवल जरूरी कागजात व कम्प्यूटर सिस्टम ही रहता है। ऐसे में ताला तोड़ने की घटना को अंजाम देना समझ से परे है।