Rajnandgaon: 50 सूअर और मोबाइल फोन लूट का खुलासा, नगद व वाहन बरामद, डकैती के 5 आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। चिचोला पुलिस ने डकैती की घटना का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूटे गए 50 हजार रुपए नकद, 1 स्कॉर्पियो, 1 मारुति स्विफ्ट डिजायर और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मामला 7 अगस्त का है जब महाराष्ट्र के उदगीर निवासी तानाजी व्यंकट जाधव अपने बोलेरो पिकअप वाहन से 50 सुअर बिलासपुर ले जा रहा था। इंदामरा के पास रात लगभग 2 बजे अज्ञात स्कॉर्पियो सवार 7–8 बदमाशों ने वाहन को रोककर 50 सुअर कीमती करीब ढाई लाख रुपए और 3 मोबाइल फोन लूट लिए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
चिचोला पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने संदिग्धों से पूछताछ कर आरोपियों भूपेश मानिकपुरी, राजू निषाद, गोविंदा गोराई, राहुल धुर्वे और चमन मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिनसे लूट की रकम व घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त किया गया। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपीगण
(1) भूपेश मानिकपुरी पिता दल्लू राम उम्र 36 वर्ष निवासी डोंगरगढ
(2) राजू निषाद पिता मंगल निषाद उम्र 29 वर्ष निवासी डोंगरगढ
(3) गोविन्दा गोराई पिता हाबूलाल गोराई उम्र 41 वर्ष निवासी डोंगरगढ
(4) राहूल धुर्वे पिता रैबू धुर्वे उम्र 27 निवासी नागपुर महाराष्ट्र
(5) चमन मानिक पूरी पिता नरसिंह उम्र 25 साल पता विनोबा भावे नगर नागपुर