कार्यालय में 5 घंटे तक बधाइयां स्वीकारते रहे महापौर, वृद्धाश्रम और दिव्यांगजनों संग मनाया जन्मदिन
राजनांदगांव। महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव का जन्मदिन 23 अगस्त को संस्कारधानी सहित पूरे जिले में उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। राजनांदगांव शहर ही नहीं, बल्कि डोंगरगांव, डोंगरगढ़, छुरिया विकासखंड तक महापौर को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाले बैनर और पोस्टरों से शहर पटा नजर आया।
लोकप्रियता का आलम यह रहा कि 22 अगस्त की सुबह से ही उनके निवास पर समर्थकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। लोग एक दिन पहले से ही केक काटकर बधाई दे रहे थे, और यह सिलसिला 23 अगस्त की देर शाम तक जारी रहा। बधाई देने वालों में न केवल राजनांदगांव जिले के लोग शामिल रहे, बल्कि दुर्ग, रायपुर, कबीरधाम, केसीजी, एमएमसी, बिलासपुर, बालोद, बेमेतरा जैसे अन्य शहरों से भी लोग पहुंचे।

दिनभर मधु महोत्सव की गूंज
महापौर ने जन्मदिन की शुरुआत मोतीपुर शीतलापारा मंदिर में माता का आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद वे आजाद चौक मोतीपुर स्थित शासकीय भवन में पहुंचे, जहाँ जिला आयुष विभाग द्वारा आयोजित एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। महापौर ने इस अवसर पर पौधारोपण भी किया और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इसके पश्चात महापौर मधुसूदन ने बजरंगपुर नवागांव स्थित महाकाली मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना की। उसके बाद सोनारपारा और दिग्विजय कॉलेज रोड स्थित माता दिवाला मंदिर पहुँचकर नगर की ग्राम देवी शीतला माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने जन्मदिन पर महापौर ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ समय बिताया और अभिलाषा संस्थान में दिव्यांगजनों के साथ खुशियाँ साझा कीं।

कार्यालय में जनता का तांता
महापौर ने सिविल लाइन स्थित कार्यालय में दोपहर 1 बजे से देर शाम तक लगातार 5 घंटे तक जनता की शुभकामनाएं, उपहार, फूलमालाएँ और गुलदस्ते स्वीकार किए। इस दौरान उन्होंने छात्र युवा मंच द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुँचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
शहर में जश्न का माहौल
महापौर मधुसूदन पूरे दिन समर्थकों से मुस्कुराकर शुभकामनाएं स्वीकारते रहे और हर किसी के प्रति कृतज्ञता जताई। शहर के विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने केक काटकर, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जन्मदिन का जश्न मनाया। पूरे दिन संस्कारधानी मधुमय नजर आई और लोग महापौर के साथ सेल्फी लेने के लिए उत्सुक दिखे।