Rajnandgaon की कार का दुर्ग में एक्सीडेंट: ड्राइवर का टूटा पैर, मालिक बाल-बाल बचा
राजनांदगांव | 11 मई 2025:
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डबरापारा ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन सीट बेल्ट ने कार मालिक और ड्राइवर की जान बचा ली। Rajnandgaon की कार का दुर्ग में एक्सीडेंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव पासिंग इनोवा (CG 08 AT 2705) रायपुर से राजनांदगांव की ओर जा रही थी। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच जैसे ही कार डबरापारा फ्लाईओवर ब्रिज पर पहुंची, ट्रक को ओवरटेक करते वक्त अचानक ट्रक ने लेन बदल दी। इस दौरान ट्रक का पिछला हिस्सा इनोवा के सामने आ गया और कार सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ड्राइवर गंभीर घायल, मालिक सुरक्षित
हादसे में इनोवा का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर टूट गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की है। वहीं कार में सवार मालिक को खरोंच तक नहीं आई। बताया जा रहा है कि दोनों ने सीट बेल्ट पहनी हुई थी, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई।
सीट बेल्ट बनी जीवन रक्षक
टक्कर के बाद इनोवा कार फ्लाईओवर पर ही सिमट गई। ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत पहुंचकर घायल ड्राइवर को अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि हादसे की जांच जारी है।