डोंगरगांव। अर्जुनी शासकीय शराब दुकान के पास संचालित चखना सेंटर में गुरुवार देर शाम मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि राजनांदगांव से आए तीन युवक—रिंकू साहू, संजय साहू और एक अन्य शराब पीने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों से विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया।
मारपीट बढ़ता देख आसपास के दुकानदार और शराब दुकान के सेल्समेन ने बीचबचाव करने की कोशिश की, लेकिन तभी एक युवक ने जेब से चाकू निकालकर लहराना शुरू कर दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दो युवकों को पकड़ लिया जबकि तीसरा युवक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम दोनों पकड़े गए युवकों को थाने लेकर गई। फिलहाल फरार युवक की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।