राजनांदगांव। संस्कारधानी में सोमवार को महाकाल मित्र मंडल द्वारा भगवाना महाकाल की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ा बड़ा। भगवान शिव की गीतों में अघोरी बाबाओं के साथ शिवभक्त झूम उठे। सोमवार को गुरुद्वारा चौक से दोपहर 12 बजे पूजा-अर्चना के बाद भगवान भोलेनाथ की शोभायात्रा निकली। शहर के चौक-चौराहों में शोभायात्रा पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। धुमाल और डीजे की धुन में शिवभक्त थिरकते रहे।
संस्कारधानी में चारों ओर भक्तिमय का माहौल रहा। इस बार शोभायात्रा में हरियाणा के कलाकारों ने अघोरी बाबा के स्वरुप में अपनी प्रस्तुति दी। अघोरी बाबाओं के नृत्य को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अघोरी बाबाओं के बीच भी भगवान भोलेनाथ का स्वरुप धारण किए कलाकार आकर्षक का केंद्र रहे। लगभग 11 से अधिक चौक-चौराहों में शिव भक्तों का स्वागत किया गया। शोभायात्रा शहर के गुरुद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, दुर्गा चौक, बालगोविंद चौक, सदरबाजार चौक, भारतमाता चौक, तिरंगा चौक, सुरजन गली, कामठी लाइन,
सिनेमा लाइन, मानवमंदिर चौक होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंची, जहां भक्तों ने भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना के बाद प्रसादी का वितरण किया गया।
संस्कारधानी में गूंजी हर-हर महादेव
शोभायात्रा में आदिवासी नृत्य, पंथी नृत्य, दुलदुल नृत्य, डंडा नृत्य, राउत नृत्य भी आकर्षण के केंद्र रहे। शोभायात्रा में छोटे-छोटे बच्चे भगवान शिव, माता पार्वती का रुप धारण किए थे, जो आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों की मनमोहक पोशाक को देख शिवभक्त खुद को उनके साथ सेल्फी फोटो खिंचवाने से नहीं रूक पाए। शोभायात्रा कलाकार शिव के गणों का वेष धारण किए थे। भूत-पिशाच का रूप धारण किए भक्त झूमते नाचते चल रहे थे। उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था वास्तविक रूप में शिवगण नृत्य कर रहे हों। भोलेनाथ के जयकारों से पूरा शहर शिवमय हो उठा।
नंदई चौक से निकलेगी पगड़ी यात्रा
महाशिवरात्रि पर महाकाल सेना द्वारा शहर में भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर महाकाल की नगर भ्रमण एवं पगड़ी यात्रा निकाली जाएगी। पंथी नृत्य, आदिवासी नृत्य व राउत नाचा केसाथ यह शहर यात्रा भ्रमण करेगी। यात्रा में भगवान महाकाल चंद्रमौलेश्वर की सवारी आकर्षण का केंद्र बना रहेगा। मंगलवार दोपहर तीन बजे नंदई कुआ चौक से यात्रा प्रारंभ होकर गंज चौक होते हुए समूचे नगर का भ्रमण करेगी। प्राचीन सिद्ध पीठ काली माई मंदिर (भरकापारा) में भगवान चंद्रमौलेश्वर महाकाल पगड़ी यात्रा का शिव शक्ति मिलन होगा।