सागर जिले के खुरई देहात थाना अंतर्गत एचनवारा गांव में दो दिन पहले हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या करने वाले उसके चाचा चाची ही निकले। भतीजे के चाची से अवैध संबंध थे। युवक गांव में चाचा और चाची को बदनाम कर रहा था। इसके चलते चाचा-चाची ने मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। दोनों ने युवक की हत्या करने के बाद युवक का शव पास में ही खेत में फेंक दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव का पंचनामा पोस्टमार्टम बनाकर जांच में जुट गई थी। खुरई एसडीओपी सुमित केरकेट्टा ने बताया कि 14 मई को सूचना 9 बजे मिली थी कि खेत में युवक का शव पड़ा हुआ है। गले में धारदार हथियार के निशान हैं। युवक की पहचान छोटू उर्फ कमलेश रैकवार के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच की गई तो पता चला कि मृतक के उसकी चाची से अवैध संबंध थे, जिससे वह चाचा-चाची को बदनाम कर रहा था। इसी बदनामी से बचने के लिए चाचा-चाची ने उसे खेत में बुलाकर कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी। हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।