छुरिया ब्लॉक के आश्रित ग्राम पंचायत करमरी में गुरुवार को सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नाले के पास बैठे करमरी निवासी कन्हैया यादव को भालू ने धक्का मार कर गिरा दिया। जैसे-तैसे कन्हैया अपने को बचाकर भागने में सफल हो गया।
फिर करमरी निवासी पूरन धनकर को भी भालू ने जोर से धक्का देकर गिरा दिया। दोनों ही ग्रामीणों को कोई चोट नहीं आई। फिर देखते ही देखते भालू ग्राम महरूम से पतोरा पहुंच गया, तब तक कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना खुज्जी वन परिक्षेत्र अधिकारी केएल निषाद को दी। उन्होंने परिक्षेत्र के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर ग्राम पतोरा पहुंचे, तब तक भालू ग्राम परना में पहुंच चुका था। यहां भालू एक किसान के कुएं के पास ही बैठा रहा।
जिसकी सूचना वन परीक्षेत्र अधिकारी निषाद ने डोंगरगांव थाने में दी। भालू को पकड़ने रायपुर रेस्क्यू टीम को डीएफओ राजनांदगांव के माध्यम से सूचना दी। गुरुवार देर रात तक ग्रामीणों के साथ ही वन अमला यही डाटा रहा, पर सुबह भालू उस स्थान में नहीं था। शुक्रवार को सुबह अमले के साथ ग्रामीणों ने भी भालू की तलाश करने की कोशिश की पर भालू कही नहीं दिखा।
भालू का सही लोकेशन नहीं मिल पा रहा
मौके पर पहुंचे पुलिस विभाग के एसडीओपी घनश्याम कॉमेडी सहित डोंगरगांव टीआई केपी मरकाम ने भी ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के सुझाव दिए। वन परिक्षेत्र अधिकारी केएल निषाद ने बताया कि भालू अब राजनांदगांव जिले को छोड़कर बालोद जिला निकल चुका है। भालू का सही लोकेशन नहीं मिल पा रहा है। वन विभाग वाले लगातार ट्रेस करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उसकी सही जानकारी मिल सके।