सुकमा -कलेक्टर विनीत नंदनवार द्वारा शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम उन्होंने कन्या शिक्षा परिसर का जायजा लिया और छात्राओं को उपलब्ध होने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल ज्ञानोदय का अवलोकन कर वहां संचालित लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, कम्प्यूटर लैब, लैंग्वेज रूम सहित कक्षाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल में उपलब्ध शिक्षण सामग्री एवं प्रायोगिक उपकरणों का जायजा लिया। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं केन्द्रीय विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर कलेक्टर ने परिसर कि साफ सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर नंदनवार ने जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज का निरीक्षण कर जिले के युवाओं को दी जाने वाली कौशल प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण प्रदाय करने हेतु उपलब्ध उपकरणों के रख रखाव पर नाराजगी जताई और शीघ्र समस्त उपकरणों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ ही युवाओं के कौशल विकास पर भी प्रशासन का ध्यान होना आवश्यक है। जिससे युवाओं में रोजगारपरक कौशल विकास को तेजी मिले और रोजगारपरक ज्ञान भी आए।
आकार के केयर टेकर को किया सम्मानित
कलेक्टर विनीत नंदनवार ने जिले में संचालित दिव्यांग बच्चों के लिए संस्था आकार के निरीक्षण के दौरान बच्चों को दी जाने वाली फिजिकल थेरेपी, स्पीच थेरेपी आदि की प्रशंसा की। उन्होंने समस्त भवन के रख रखाव व साफ सफाई की तारीफ कर महिला केयर टेकर की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया। इसके साथ ही उन्होंने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम सुकमा नभ एल स्माईल, डीएमसी एसएस चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।