रायपुर,20 जून। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अग्निपथ मामले में सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस देश विरोधी एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इतनी गिर चुकी है कि लगातार देश को कमजोर करने की हरकतें कर रही है और सेना को कमजोर करना चाहती है। लेकिन ऐसा संभव नहीं है,क्योंकि देश विरोधियों को उनके सही स्थान पर जगह पहुंचा दिया जायेगा।
भारत माता की सेवा में जान दे देगा युवा: डॉ. रमन
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट में वीडियो संदेश जारी कर कहा कि भूपेश जी! क्या अग्निवीर बनने के बाद 4 साल सेना में रहने वाले युवा अपराधी बन जाएंगे? देश और प्रदेश के युवाओं को लेकर यह कितनी निकृष्ट सोच है आपकी। युवाओं पर भरोसा रखिए जरूरत पड़ने पर मेरे देश और प्रदेश का युवा भारत माता की रक्षा के लिए जान दे देगा, लेकिन गलत रास्ते पर नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सेना में 4 साल रहने के बाद युवा हिन्दुस्तान के लिए, भारत माता के लिए अपनी जान न्यौछावर कर देगा। प्राणों की बाजी लगा देगा। डॉ. रमन ने कहा कि अग्निवारों में 25 प्रतिशत को तत्काल नौकरी मिलेगी और बाकी के जॉब के लिए मौका होगा। विशेष स्कील 4 साल में युवकों के पास आ जाएगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा।
पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि सेना के तीनों अंग के प्रमुख साफ़ कर चुके हैं कि अग्निपथ योजना देश, देश की सेना और देश के युवाओं के लिये महत्त्वपूर्ण है और यह योजना वापस नहीं ली जाएगी, फिर भी भूपेश बघेल और कांग्रेस सेना का विरोध कर रहे हैं। रमन सिंह ने कांग्रेस की तरफ से अग्निपथ का विरोध को सेना का विरोध बताया। उन्होंने कहा कि जिस अग्निपथ को भारत की सेना ने स्वीकृत किया है, उसका कांग्रेस की तरफ से प्रायोजित विरोध इस बात का खुलासा कर रहा है कि कांग्रेस अपने राजनीतिक हित साधने के लिए भारत विरोधी ताकतों का हथियार बनने के लिए तैयार है।
डॉ. रमन सिंह ने आगे कहा कि जब भारत की सुरक्षा और मजबूती के लिए राफेल लाया गया ,तब भी कांग्रेस विरोध कर रही थी। कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई, जहां उसको हाथ मलना पड़ा। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी किसको खुश करने के लिए राफेल का विरोध कर रहे थे, क्यों कांग्रेस बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी कि सेना और ज्यादा मजबूत हो। रमन सिंह ने आगे कहा कि राफेल के समय दाल नहीं गली ,तो अब कांग्रेस अग्निपथ के विरोध में आग और जहर उगल रही हैं उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्तर साल तक सेना को कमजोर करने में ही रुचि दिखाई, आज सेना की मजबूती पर उनके सीने पर सांप लोटने लगा है। मोदी सरकार युवाओं को सेना में सुनहरा अवसर और देश के हित में जिम्मेदारी देकर उन्हें बेहतर भविष्य दे रही है , तो देश को कमजोर और बेरोजगारिस्तान बनाकर रख देने वाली कांग्रेस अपनी देश विरोधी मानसिकता उजागर कर रही है।